7607529597598172 हिंदी पल्लवी

शुक्रवार, 31 अक्टूबर 2025

राष्ट्रीय एकता दिवस: सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती


भारत देश के इतिहासकार कुछ व्यक्तित्वों को अपनी पुस्तकों में प्रमुखता से स्थान न दे पाए । उन व्यक्तित्वों में से एक प्रमुख व्यक्तित्व है,सरदार वल्लभभाई पटेल का ।जो भारत की एकता  और अखंडता को , हर एक भारतीय के अधिकार को , भारत को विश्व में एक शक्तिशाली संवैधानिक राष्ट्र के रूप में स्थापित कर गए। अपने नाम और पद से अधिक उन्होंने राष्ट्रीय एकता को महत्व दिया ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ 31 अक्टूबर उनकी जयंती के उपलक्ष्य में घोषित है। उनको श्रद्धांजलि देते हुए यह लेख प्रस्तुत है।


सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 18 75 नडियाद गुजरात में हुआ ।पिता झावेर भाई माँ लाडबादेवी थीं। प्रारंभिक शिक्षा करमसद और नडियाद में की ।कानूनी पढ़ाई स्व-अध्ययन से की ।1910 में लंदन के मिडिल टेंपल से केवल 30 महीने में ‘बैरिस्टर एट लाॅ’की पढ़ाई पूरी कर कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अहमदाबाद के सफल वकील के रूप में पहचाने जाने लगे। बाद में स्वतंत्रता सेनानी व रियासतों के विलय में अग्रणी भूमिका निभाई। उन्हें बारडोली महिलाओं द्वारा ‘सरदार’, विलय कर्ता के रूप में ‘लौह पुरुष’ तथा ‘भारत के बिस्मार्क’ के रूप में जाना जाता है। उनकी मृत्यु 15 दिसंबर 1950 में हुई।


 भारत में उनके अभूतपूर्व योगदान 

1-भारतीय राष्ट्रीय एकता शिल्पकार-

 1947 की आजादी के समय भारत में 565 से अधिक देशी रियासतें थीं ,जिन्हें सरदार पटेल ने ‘एक भारत:श्रेष्ठ भारत’ के दृष्टिकोण को मूलाधार मानकर ,शक्ति को नीति ,दूरदर्शिता और आवश्यकता अनुसार दबाव का उपयोग करके इनमें से लगभग सभी रियासतों को भारतीय संघ में विलय पत्र (Instrument of Accession)के माध्यम से विलय करने का असंभव कार्य संभव किया ।भारत के शिल्पकार ने भारत के लौह पुरुष की उपाधि देना सर्वथा उचित था क्योंकि उनके इसी कृत्य ने भारत के संवैधानिक ढांचे को लोहे जैसी मजबूती प्रदान की।जूनागढ़ ,हैदराबाद ,जम्मू और कश्मीर विलय की चुनौतियों को उन्होंने असाधारण राजनीतिक कूटनीति से हल किया ।जूनागढ़ का विलय नवाब के पाकिस्तान भागने के बाद 99% जनमत संग्रह से ,हैदराबाद का ‘पोलो ऑपरेशन’ से तथा जम्मू और कश्मीर का कव्बाइलियों से सुरक्षा की सैन्य सहायता देकर किया ।

2-अखिल भारतीय सेवाओं में योगदान -

भारतीय सिविल सेवाओं के जनक के रूप में पहचाने जाने वाले सरदार पटेल ने ब्रिटिश युग की इंडियन सिविल सर्विस (ICS) को बदलकर इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस(IAS) में तथा पुलिस सेवा को भी पुनर्गठित करके उन्हें ‘स्टील फ्रेम’ कहा ।उन्होंने संघ और राज्यों के बीच में समन्वय स्थापित करने के लिए ऐसी अखिल भारतीय सेवा की परिकल्पना की जिसके अधिकारी केंद्र सरकार द्वारा चुने राज्यों में काम करें। इस फ्रेम को बनाने के लिए उनका तर्क तथा देश को तोड़ने की कोशिश का मुकाबला करने और राज्यों के कल्याण संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निष्पक्ष नौकरशाही (Bureaucracy)अनिवार्य है

3- बारडोली आंदोलन -

ब्रिटिश मुंबई प्रेसिडेंसी सरकार द्वारा भू राजस्व की दरों में अन्याय पूर्ण वृद्धि   की गई,जो 22% और कुछ स्थानों पर 30% तक थी। 1925 की बाढ़ और अकाल ने किसानों को बदहाल कर रखा था। इस अन्याय पूर्ण राजस्व  वृद्धि ने उनकी कमर ही तोड़ दी थी ।1928 में सरदार पटेल के नेतृत्व में गुजरात में बारडोली के किसानों से सत्याग्रह आंदोलन किया जिसमें कर देने से इनकार किया। सरकार द्वारा भूमि पशु आदि जब्त किए जाने लगे।  किसान स्थिर रहे। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अंततः ‘मैक्सवेल बूमफील्ड आयोग’ की जाँच के परिणामस्वरुप लगान वृद्धि कम करके 6.03 प्रतिशत हुई ।यह सत्याग्रह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में किसानों के संघर्षों की बड़ी जीत थी ,जिसने यह साबित किया कि अहिंसक तरीके से भी औपनिवेशिक सरकार की नीतियों का सफलतापूर्वक विरोध किया जा सकता है ।

4-भारत के उच्च उच्चतम पद का बलिदान-

 1946 में कांग्रेस अध्यक्ष (जो अंतरिम सरकार का प्रमुख यानी प्रधानमंत्री बनने वाला था) के चुनाव के लिए 15 में से 12 प्रांतीय कांग्रेस समितियों द्वारा सरदार पटेल का नाम प्रस्तावित किया गया था।  गांधी जी के प्रति सम्मान,जवाहरलाल नेहरू को इस पद को देने की इच्छा तथा राष्ट्रीय एकता की जरूरत (यदि जवाहरलाल नेहरू को नेतृत्व नहीं दिया,कांग्रेस का विभाजन हो सकता है) को समझते हुए उन्होंने इस दावेदारी से अपना नाम वापस देते हुए पद का बलिदान किया ।उप प्रधानमंत्री और पहले रक्षा मंत्री के रूप में देशी रियासतों के एकीकरण में अपनी पूरी ऊर्जा डाल दी।

राष्ट्रीय सम्मान 

1-भारत रत्न (मरणोपरांत )1991 

2-राष्ट्रीय एकता दिवस- घोषणा वर्ष 2014 

3-स्टेचू ऑफ़ यूनिटी -उद्घाटन 2018 -केवड़िया नर्मदा नदी के तट गुजरात पर दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में स्थापित भौतिक स्मारक ,जिसकी ऊँचाई 182 मीटर 597 फीट है। यह इनकी लौह संकल्प शक्ति तथा देश के एकीकरण के प्रति उनकी समर्पण का प्रतीक है।


भारत के जिस लौह पुरुष ने भारत के संविधान को लोहे जैसे शक्ति प्रदान की है। एकीकरण द्वारा इसे अखंडता प्रदान की है, उस व्यक्तित्व को देश उनकी जयंती के शुभ अवसर पर कृतज्ञतापूर्वक नमन करता है।


लेख रचनाकार

पल्लवी गोयल

(चित्र साभार गूगल)




शुक्रवार, 15 अगस्त 2025

उड़ान

 



उन्यासीवें(79)स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर की सभी को शुभकामनाएँ 💐और नयी पीढ़ी को शुभ संदेश।😍

🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳

नन्हे मुन्ने राही तुम हो ,

नई मुस्कान ,उड़ान भरो।

जीवन को नियमों से भरकर,

स्व का जीवन दान करो।

संकल्प नया हो ,चाह नई हो।

देश में जीवन प्राण भरो

मित्र बनाओ ,पूरी दुनिया को

अमन चैन का राज करो।

राष्ट्र सुखी हो और विश्व,

ऐसे सबके दुःख हरो।

नन्हे-मुन्ने राही तुम हो,

नई मुस्कान, उड़ान भरो।

🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳🇮🇳

पल्लवी गोयल

शनिवार, 1 जुलाई 2023

जन्म

  



खुद को समाप्त करना पड़ता है

किसी को बनाने के लिए।


बीज  स्वयं को समाप्त कर 

एक पौधे को जन्म देता है।


अंडा स्वयं को तोड़ कर 

एक शिशु को जन्म देता है।

                  

वाष्प और हिम दोनों ही 

 पानी को जन्म देते हैं।

 

बालिका स्वयं को समाप्त कर

संतान के लिए माँ को जन्म देती है।

                           पल्लवी गोयल

शनिवार, 31 दिसंबर 2022

31 दिसंबर की तारीख

  


31 jदिसम्बर  की तारीख में...

एक खास  ही बात है 

यादों की बारात हैं।

जज़्बातों के  एहसास हैं।

बीते कदमों की चाप हैं।

खुशियों के सैलाब हैं।

आँसुओं की गिनती है

 मुस्कानों के विश्वास हैं।


 इसके बढ़ते कदमों पर...

अरमान हैं , जिज्ञासा है।

आशा है, पिपासा है।

उत्साह है  , संकल्प है।


  चलती  यह सखी  एक जनवरी 

 से हाथ मिलाती है

अपने मनोभावों की गठरी

उसी के हाथ सौंप आती है।


दो सखियों के  इस मिलन  की आपको शुभकामनाएँ।😍

पल्लवी गोयल 

चित्र साभार गूगल से

सोमवार, 25 जनवरी 2021

पिंजरा

सिर झुकाए, हाथ बाँधे,
 मुँह से कुछ ना बोलता।

                                          आंखों के कुछ रोष से ,

                                         दिमाग से कुछ  तोलता।

       किस्मत लेख बदलने को, 

कदमों पर है डोलता।

                         घुटी चीखें बदली हैं ,

                                अब रक्त में कुछ खौलता।

सलाखों में जकड़ा हुआ, 

सदियों से राहें जोहता

                              काज जो उसने किया ,

                            आज सिर चढ़ डोलता

अपराध इसको तुम कहो ,

वह बंद पिंजरा खोलता ।

पल्लवी गोयल 

चित्र साभार गूगल

गणतंत्र दिवस


वीर शहीदों की कुर्बानी 
याद रहे चिरकाल तक।
तिरंगे की अमर कहानी 
गूँजे हर एक माथ तक।

आज राष्ट्रगान गूँजा है
भविष्य बस  यशगान हो।
तिरंगे की तीन छटा -सा
 समृद्धि ,प्रीति ,सम्मान हो।

 गणतंत्र की हर सुबह में  
एक संदेशा याद रहे।
कल भी पैदा होंगे भेदी 
वह निर्बल असहाय रहें।

शीश तना खड़ा हो ऊपर 
मानवता को झुक प्रणाम हो।
झंडे के समक्ष माथे पर हाथ
 हर सैनिक को सलाम हो।


देश व विदेश में बसे हर एक भारतवासी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।

सोमवार, 14 सितंबर 2020

सखी हिंदी

 

हिंदी तुमसे प्यार क्यों इतना ,

सहज निभाना तुम्हें  क्यो इतना।


जब भी प्रश्न किया खुद से

उत्तर तुरंत पाया तुमसे।


सपने की हर उड़ान में  

 सच्ची सखी तू हर इक में।


अंतर्मन जो करे पुकार 

तू दौड़ी आती हर बार।


बाबा की बतकही में तू ही

माता की  झिड़की में तू ही


कटु या भोले अपशब्दों की 

मइया  तू ही  है इन की ।


मित्र चुहल का भार उठाती

मीत के खत का गाना गाती।


राखी का हर प्रण तुमसे 

सहचरी कंगना में ,तू ही हँसे ।


सखी ,  मीत, भार्या, अनुजा

मात ,तात  न  कोई तेरे बिना।


अब समझी  प्यार क्यों इतना 

सहज निभाना तुम्हें  क्यो इतना।


हिंदी दिवस के शुभ अवसर पर  हृदय से शुभकामनाएँ ।

सोमवार, 18 मई 2020

कुछ नहीं ...बस..



ये कलम भी न बस
अंगद पाँव हो गई है।

न फटी बिवाई की 
गहराई में जाकर 
झाँकने को तैयार है।

न रेल की पटरी पर 
बिछी रोटियों को 
चुनने के आतुर है।

न मदिरालय की 
लंबी  पंक्तियाँ को
गिनने को बेकरार है।

न तरबतर  बेटे पर 
लदी माँ के आँसू 
लोकने का प्यार है।

न घेरे में  पादुका रखे
साथ बैठे की सोचती 
कि बुद्धि की मार है।

बस सारे दिन सुस्त सी
पड़ती है , पढ़ती है,
सुनती है ,कहती है।


मुझे  चलाना तब जब
इनमें से  तुम्हें एक भी
बदलने से  सरोकार  है।

पल्लवी गोयल 
चित्र गूगल से साभार

मंगलवार, 18 फ़रवरी 2020

जीवन अपने सम..


जीवन के इस कठिन सफर में,
चलते जाना मुश्किल जग में।
राह में कई बवंडर होंगे ,
कई शांत से झोंके भी।
कई राह के रोड़े होंगे ,
कई मील के पत्थर भी।
कई संविधान होंगे हम पर,
कई नियम हल्के-फुल्के से।
सोच हमारी अपनी है,
 क्या ले क्या ठुकरा दे हम।
हर एक बहती सरिता में,
 न कोई समरस धारा है।
क्या बोएँ, उगाएँ ,काटे खाएँ
 यह अधिकार हमारा है।
आओ इस जटिल गुत्थी को ,
खुद से खुद सुलझा ले हम।
जीवन को अपने सम ही
 जी कर हम दिखला दे बस।

पल्लवी गोयल
चित्र गूगल से साभार 

गुरुवार, 26 दिसंबर 2019

कृषक और सैनिक




1
कृषक महान मैं इस धरती का,
 मुझको हैं कुछ कर्ज चुकाने ।

प्रपात,सरिता,सरोवर में बहता, 
जल ले उसके चरण धुलाने ।

वायु प्रफुल्लित श्वसनिकाओं में
भरकर, हल-बैल से खेत सजाने।

जिस मिट्टी से बीज बना मैं,
उस पर हैं  कुछ बीज लगाने ।

जिस अन्न-जल ने सींचा मुझको ,
इस पर  है कुछ फसल उगानी।

2
बालक बन जन्म लिया
  अब सैनिक बन बैठा हूँ ।

 तेरी रक्षा के खातिर सीमा
पर, जलता ,ऐंठा बैठा हूँ ।

 शर  वक्ष  छलनी करे तुम्हारा
 धो बैठेगा वह  हाथ तभी ।

एक गोली आई इधर हमारे
तुरंत होंगे सर्वनाश तभी।

 तेरा नीर बहता मेरी रगों में
टपकेगा  वह नीर सा ही।

अगर किसी ने तीक्ष्ण नयन कर,
बढ़ाया कलुषित हाथ कभी ।

चाहे कृषक हो या वीर सिपाही
हूँ  मैं  भारतीय,बस संतान तेरी।

पल्लवी गोयल
चित्र गूगल से साभार