7607529597598172 हिंदी पल्लवी

शनिवार, 10 सितंबर 2016

बोधिसत्व बनो तुम


Image result for bodhisattva tree image
                                             














मैंने प्यार के जो बीज 
बोए  हैं तुम्हारे मनों में , 
उन्हें तुम नितप्रति 
सींचो ,सँवारो ,सहेजो। 

शाखाओं को बढ़ने दो 
ऊपर आकाश तक, 
धरती के अंतिम  सिरे तक 
उस क्षितिज तक।  

दया, क्षमा की
कोमल  अमरबेलों को, 
फलने फूलने दो 
इस अनंत वृक्ष पर। 

कटुता,घृणा की कुल्हाड़ी से बच 
फलने- फूलने का आशीर्वाद  है इसे,          
काटने पर चहुँदिश  फैलने का , 
रक्तबीज के  अंश का वरदान है इसे 

विश्व की आवश्यकता  है यह ,
तुम्हारा दृढ संबल है यह, 
तूफ़ानों  का सामना करना है तुम्हें , 
इसकी छाया तले बैठकर। 

द्वेष अंधकार समाप्त कर 
प्रेम प्रकाश विश्व में  फैला 
स्थिरता की प्रतिमूर्ति ,
बोधिसत्व बनो तुम। 


शिक्षक दिवस सप्ताह पर 
प्रिय छात्रों को आशीर्वाद सहित 
पल्लवी गोयल 
चित्र साभार गूगल 

गुरुवार, 31 मार्च 2016

जन्मदिन


  उम्र में  एक  और  वर्ष  बढ़ा
  मतलब  इसका
  जीवन  से  एक  वर्ष  घटा !

  सच क्या  यही है ? 
  हर एक  जन्मदिवस  का ? 
  खुशी  है  फिर  कैसी ?

  हम  हर  वर्ष   क्यों
  नाचते, गाते  और खाते  हैं ?

  क्यों  नहीं  कहीं  गहरे गम
  में डूब  जाते हैं 

  सोचा था  बहुत  पहले ,
  इस तर्क के  विषय में।

  पाया, अनुभवों के  पिटारे का
  एक मनका  हर  साल
  जीवन माला  में
  पिरोया  जाता  है 

  बढती  माला  को
  देख ही, हम  हर  वर्ष
  यह  खुशी दोहराते हैं। 

सोमवार, 18 जनवरी 2016

मैं किन्नर

पड़ा कदम जब  धरती पर पहला 
अन्याय मिला न  न्याय अभी तक 

 जन्म दिया था जिसने मुझको 
हुई  दुःख ,घृणा से भेंट वहीँ पर 

शुरू हुआ अलगाव का किस्सा 
माँ बाप  न  समाज का हिस्सा 

कब बीता बचपन,कब आई जवानी 
कब खाया पीया  ,कब जागा  सोया 

कब था हुलसा ,कब था बिलखा 
कब चोट लगी ,कब ताप चढ़ा 

कब मन मारा ,कब दर्द जगा 
नहीं पता था ,कुछ मुझको 


बताता कौन न माँ न बाप 
उपेक्षित सा पड़ा था आप 

ख़ुशी पराई , नाचा  मैं था 
की जग हँसाई , बजाता ताली था

तीखी मुस्कान लिए जग आँख नचाता 
उन इशारों पर मैं ठुमके लगाता 

क्या ठुमके मेरे मन के थे 
क्या हँसी  ने दिल पर दस्तक दी थी 

क्या नहीं थी ये एक रोटी की साज़िश 
दुखी मन पर सजी हंसी थी 

बुढ़ापे के द्वार खड़ा हूँ 
हो लाचार से लाचार  चला हूँ 

इंतज़ारआज भी है मुझको 
  केवल एक जोड़ी आँख का 

इंतज़ार आज भी है मुझको 
उन  आँखों के दो बूँद आँसुओं  का 





रविवार, 10 जनवरी 2016

साक्षरता

Image result for saksharta abhiyan

जन जन में हो साक्षरता, 
ऐसा हो अभियान हमारा। 
नन्हें मुन्ने बच्चों को ,
देना होगा  ज़रा सहारा। 


बैसाखी लकड़ी नहीं है बच्चों ,
हक़ लेना ससम्मान तुम्हारा।  
भीख  दया नहीं  है ये ,
हक़ देना है कर्त्तव्य हमारा। 


हक़ जो  अपना छाँटोगे, 
वापस वही जग में बाँटोगे। 
बाँटा बांटी के इस खेल में ,
हो जाएगा रोशन जग सारा।


नई रोशनी और नई  चेतना, 
फैलाएगी जग में उजियारा। 




गुरुवार, 31 दिसंबर 2015

नव वर्ष मंगलमय हो..



नवीन  वर्ष  सभी  पुरातन 
कामनाओं को  सहर्ष  सँवारे।


नवीन  वर्ष नव कर्मों का 
भागीदार बन उसे निहारे।


नवीन  वर्ष सभी  पुराने 
रिश्तों को  सहज  सम्हाले।


नवीन  वर्ष  नयी मित्रता 
की   राह  सहर्ष बुहारे।


हो नया जोश, नयी  उमंग ,
नयी  उम्मीद पर  वही  होश। 


हो नया  कर्म ,  नयी चाह, 
नयी  बात  पर  वही  राह। 

नवीन कामना,क्षमता के  संगम का,
प्रत्यक्ष  साक्षी  हो नया   साल।  

नवीन  वर्ष  बने सभी सुखद, 
स्मृतियों  का प्रत्यक्ष   गवाह। 

नववर्ष २०१६  आपके लिए मंगलमय हो
पल्लवी गोयल 


रविवार, 13 दिसंबर 2015

पहचान का मोल



अक्सर आपकी पहचान 
आपके कार्यों से नहीं
' रहनुमाईन्दों'  से होती है 

लोगों की जुबान में 
इनकी जुबान बसी होती है

 ' नज़रों '  को देखने के लिए
 इनके नज़रिए  की जरूरत होती है  

और आपकी पहचान 
इनकी सहूलियतों के लिए होती है 

जो इन सहूलियतों का दाम चुकाया आपने 
आप की 'पहचान' आपकी अपनी हो जाएगी 

वर्ना यूँ ही एड़ियाँ  घिसते - घिसते 
आपकी पहचान अपनी से पराई
 होती  ही चली जाएगी 
चित्र साभार गूगल(संवर्धित ) 

शनिवार, 7 नवंबर 2015

चिराग तले अँधेरा


धूम धूम जलती 
रोशनी के तले 
प्रकाशित थे 
कुछ बुझते चेहरे

जगमगाती उजली
 रोशनी  के बीच
बुझते बुझते से 
दो दीयों  के जोड़े

खुशियाँ  बिखराते,
 हाथ नचाते  ,
झूम कर गाते 
समूहों के बीच थे
 कुछ खोजते चेहरे 

विज्ञापित साड़ियों ,
महकती खुशियों , 
विदेशी टाइयों 
के बीच थी 
कुछ लुगड़ियां 
मुसी धोतियाँ 
और निक्करें 

छोटे सवार थे घोड़ी पर 
उनपर सवार सेहरा था 
छोटा कहार नंगे पाँव 
उस पर सवार बक्सा था 

सेहरा और चेहरा क्या 
घोड़ी के पाँव तले उजियारा था 
बक्से के ऊपर उजाला 
तले भविष्य अँधेरा , धुंधला था

कुछ सवाल पूछता सा 
लगता था ज़माने से 
न शिकायत थी चेहरे 
पर, न बल माथे पर

उम्र है दोनों की एक 
पर क्या गुनाह मेरा था  
                             पल्लवी गोयल 



  

विद्यालय


भौरों की गुंजार ही ,
बगिया का संगीत है 
रास्ते पर बिखरा मकरंद
यही मेरी धन संपत्ति  है   

रविवार, 1 नवंबर 2015

विचार





विचारों  की भी अजब कहानी होती है
विचारों  की दुनिया कुछ पहचानी
कुछ अनजानी सी होती है

कभी पहुंचते परी लोक तो
कभी पहुंचते प्रिय आँचल में
कभी चन्द्र की ऊँचाई पर
कभी पाताल  की गहराई तक

चंद्रयान यात्री से पहले
विचार वहाँ  पहुंचा था
विचार ही है  वह गोताखोर
जो आत्मसागर में डुबकी लगाता

विचारों  ने ही निराकार 
को साकार बनाया 
इसी  छाते ने सद्गुण  के पास
और दुर्गुण  से दूर रहना सिखाया 

विचार ही हैं जिन्होंने 
रोगी को यमराज तक 
डॉक्टर को आँत तक 
कवि को चाँद तक 

नर को शक्ति तक
सैनिक  को मैदान तक 
जेहादी को आत्मदाह तक  
पहुंचने  का रास्ता दिखाया 

विचार मंथन ही
दुर्गुणों की छाछ  दूर फेंक
इन्सान को इन्सान   बनाता   
विचार  ही दिन के उजाले 
रात के अँधेरे का अंतर बताता  

इसकी ऊर्जा क्या न
पहुंची छात्र तक
जिसकी तेजी ने पहुंचाया 
रॉकेट यान को आकाश तक

ये ही तो थे  
जिसने समय समय पर  
तेरा साथ दिया 
वे यही है 
जिन्होंने तुझे पथभ्रष्ट  किया  

तू अपने आप को क्यों 
दोष देता है 
ये गुरु हस्त तले 
और संगत में पलता  है 
                                      पल्लवी गोयल 
   











शनिवार, 24 अक्तूबर 2015

माँ


माता  तो होती है देवी 
बच्चों के  लिए सबकुछ
 छोड़ देने वाली
बच्चों  को सबकुछ 
दे देने वाली 
उस देवी का दर्द 
पढ़ा  किसने ?
जब  सामने की थाली
सरकाई लाल को सामने
तो क्या उसका पेट
नहीं था ख़ाली ?
                      पल्लवी गोयल